लुधियाना के हंबड़ा के गांव आलीवाल में मंगलवार सुबह सवारियों से भरी मिनी बस पलट गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई और 32 लोग घायल हो गए। लोगों की चीख पुकार सुनते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने तुरंत घायलों को बस से बाहर निकालना शुरू कर दिया। इसी दौरान किसी ने इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी। सूचना पर जगरांव पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को आसपास के निजी अस्पतालों में दाखिल कराया। हादसे में गांव लीहा के रहने वाले गुरमीत सिंह की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गांव हंबड़ा से जगरांव जाने के लिए मिनी बस मंगलवार सुबह निकली थी। बस वालों ने बस में सवारियां इतनी भर लीं कि वह ओवरलोड हो गई। जब बस गांव आलीवाल के पास पहुंची तो तेज रफ्तार होने के कारण बेकाबू होकर पलट गई। बस के पलटने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास घरों में रहने वाले लोग बाहर आ गए। चिल्लाने की आवाज सुनकर लोगों ने बस के शीशे तोड़े और घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने के बाद सेहत विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में भर्ती घायल
हादसे में कर्मजीत कौर(30), कुलवंत कौर (40), गुरदीप कौर (30), कुलजीत सिंह (30), जगपाल सिंह (25), कौशल्या (50), मनप्रीत (20), प्रभजोत (23), बलविंदर (25), कृष्णा देवी (50), वीरो (50), पूजा (38), कुलवंत (40), गगनदीप समेत के अलावा अन्य लोग है जो निजी अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस बाकी घायलों का पता लगाने में जुटी हुई है। मामले में मृतक जजपाल सिंह के चाचा दरबारा सिंह की शिकायत बस ड्राइवर परमिंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी ड्राइवर का पता लगाने में जुटी हुई है।