सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान की गोली लगने से मौत हो गई है। गोली ठुड्डी के नीचे लगी है, जो सिर से निकल गई। पुलिस और डॉक्टर इसे खुदकुशी मान रहे हैं। गोली चलते ही फाजिल्का बीएसएफ हेडक्वार्टर में भगदड़ मच गई। जवान बटालियन-52 में कार्यरत था। यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे की बताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक जवान कन्नपुईना रामुल्ला (30) निवासी तेलंगाना कुछ दिन पहले ही छुट्टी से लौटा था। गोली चलने की खबर सुनकर अधिकारी मौके पर पहुंचे तो रामुल्ला खून में लथपथ जमीन पर गिरा पड़ा मिला। उसकी सर्विस राइफल भी वहीं पर पड़ी हुई थी।
डॉ. जसलीन का कहना है कि जब उनके पास रामुल्ला को लेकर पहुंचे तो वह मर चुका था। जांच अधिकारी मिल्ख राज ने बताया कि उन्हें अस्पताल से सीमा सुरक्षा बल के एक जवान की ओर से खुदकुशी करने की सूचना मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।