सलेम टाबरी इलाके से वीरवार शाम को जली हालत में मिले शव की पहचान नानक नगर के काराबारा चौक में रहने वाले चेतन (8) के रुप में हुई है। बच्चे की उसी के इलाके में रहने वाले विक्की उर्फ राहुल ने कुकर्म के बाद जलाकर हत्या कर दी थी।
कुकर्म का खुलासा शुक्रवार को पोस्टमार्टम के दौरान हुआ। तीन डॉक्टरों पर आधारित एक बोर्ड ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों ने बच्चे के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। पुलिस ने आरोपी विक्की के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसीपी डॉ. सचिन गुप्ता के मुताबिक कुकर्म के बाद बच्चे की हत्या की गई है। अभी पुलिस ने अपहरण के बाद हत्या का ही मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार चेतन इलाके में ही स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ता है। बुधवार रात को वह अपने घर के बाहर ही खेल रहा था। इसी दौरान विक्की नशे की हालत में आया और चेतन को अगवा कर ले गया। आरोपी ने खाली प्लाट में ले जाकर उसके साथ कुकर्म किया। उसके बाद आरोपी ने चेतन पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे आग लगा दी और फरार हो गया। वीरवार शाम को अधजली हालत में शव देख कर किसी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर रात को चेतन के परिजन पुलिस के पास पहुंचे तो उसकी पहचान हुई और सारी कहानी पुलिस के सामने आई। थाना सलेम टाबरी के एसएचओ इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह बराड़ ने कहा कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों के हवाले कर दिया है।