विजिलेंस टीम ने मंगलवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए यमुनानगर के जगाधरी थाने की सीआईए-टू टीम को बरवाला के सतलोक आश्रम के पाक एक ढाबे पर 20 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया। टीम के पांच सदस्य एक बिचौलिए के साथ हिसार में तोशाम के राजेश नाम के शराब ठेकेदार से रिश्वत लेने आए थे।
विजिलेंस टीम ने मौके पर ही सीआईए के एएसआई अशोक कुमार और बिचौलिए चरखीदादरी निवासी घसौला के राजेश को गिरफ्तार कर लिया। टीम में शामिल एएसआई गुरमीत, ईएएसआई गुरदीप, ईएएसआई रामकुमार और सिपाही प्रदीप को राउंड अप कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों से रिश्वत की राशि बरामद कर ली है।
यह है मामला
तोशाम निवासी राजेश ने शिकायत दी थी कि वह हरियाणा और राजस्थान के उदयपुर में भिवानी के पैंतावास निवासी रामकुमार के साथ शराब का कारोबार करता है। एक महीने पहले यमुनानगर के एक ठेकेदार का हरियाणा से भोपाल जा रहा शराब से भरा ट्रक लूट लिया गया।
उस ठेकेदार ने शक के आधार पर लूट मामले में राजेश का नाम भी लिखवा दिया। मामले की जांच जगाधरी सीआईए-टू टीम के पास थी। आरोप है कि इस मामले से नाम निकालने के लिए सीआईए टीम के एएसआई अशोक कुमार ने राजेश से 30 लाख की रिश्वत मांगी। पैसे न देने पर उन्होंने डकैती के मामले में फंसाने की बात कही। दोनों में बातचीत के बाद आखिर बीस लाख रुपये देने पर सहमति बनी।
'दारू की स्मगलिंग करने वालों की आपस की कहानी'
रिश्वत के रुपए लेने के लिए एएसआई अशोक कुमार अपनी टीम के एएसआई गुरमीत, ईएएसआई गुरदीप, ईएएसआई रामकुमार और सिपाही प्रदीप के साथ मंगलवार देर शाम हिसार पहुंच गया। टीम ने बिचौलिए घसौला के राजेश को रुपये लेने के लिए तैयार किया। इसी दौरान अशोक की फोन पर राजेश से बातचीत होती रही। उसने रिश्वत के बीस लाख रुपये बिचौलिए को देने की बात कही।
विजिलेंसी टीम ने बिछाया जाल
शिकायत की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट डीएफएसओ सुभाष सिहाग व इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में विजिलेंस टीम हिसार में बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल में पहुंच गई। वहां भी परिवादी राजेश और सीआईए टीम के बीच बातचीत होती रही।
आखिर रात करीब साढ़े 11 बजे राजेश को बीस लाख रुपए से भरा बैग देकर सीआईए टीम के पास भेजा गया। बरवाला के सतलोक आश्रम के नजदीक स्थित एक ढाबे पर राजेश ने जैसे ही बिचौलिए राजेश को रुपये दिए, मौके पर पहुंची विजिलेंस टीम ने उसे व सीआईए-टू टीम को दबोच लिया। अशोक व राजेश को बाद में गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य को राउंड अप कर लिया।
अनिल राव, आईजी हिसार रेंज ने बताया कि केस रजिस्टर्ड कर लिया गया है। एक ग्रुप ने यमुनानगर की पुलिस पर लांछन लगाया है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि दारू की स्मगलिंग करने वालों की यह आपस की कहानी है। साथ में पुलिस को भी लपेटा गया है या मैं कहूं इनवॉल्व रही है। एसपी विजिलेंस जांच कर रहे हैं। जो बातें सामने आएंगी, उस हिसाब से कार्रवाई होगी।