सोशल साइट्स पर युवती के आपत्तिजनक फोटो डालने की धमकी देकर मांग रहा था पांच लाख रुपये। आरोपी कंपनी में पीड़िता के साथ कार्यरत है। उसके दोस्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चंडीगढ़ में दोनों आईटी पार्क स्थित एक कंपनी में साथ काम करते थे।
गुड़गांव के प्लम विहार निवासी विपिन भटेजा के खिलाफ लुधियाना की मूल निवासी युवती ने एक हफ्ते पहले साइबर सेल को शिकायत दी थी। भटेजा आईटी कंपनी में मैनेजर है।
युवती के अनुसार वह भी उसी कंपनी में काम करती है। इस दौरान उसकी भटेजा से दोस्ती हो गई। भटेजा ने एक दिन उसे शराब पिलाकर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींच लीं। इसके बाद वह जॉब करने पुणे चली गई। आरोपी ने उसे शादी के लिए प्रपोज किया तो इसने इंकार कर दिया और वहां किसी और युवक से सगाई कर ली। इस पर भटेजा ने धमकी दी कि वह उसे पांच लाख रुपये दे नहीं तो उसकी आपत्तिजनक फोटो सोशल साइट पर डाल दी जाएंगी।
युवती ने मनीमाजरा थाने में शिकायत दी थी और मामला साइबर सेल को सौंप दिया गया। साइबर सेल ने ट्रैप लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। वीरवार को उसे जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।