नेशनल हाईवे-21 पर बलौंगी सेल्स टैक्स बैरियर के पास लगाए गए नाके पर एक बाइक सवार ने वहां तैनात असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर से गाली गलौच की और वर्दी भी फाड़ दी। आरोपी युवक की पहचान कुलदीप सिंह निवासी खरड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सरकारी मुलाजिम की वर्दी फाड़ने, ड्यूटी में बाधा डालने समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया। जहां से कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक एएसआई दिलबाग सिंह बलौंगी में लगे ट्रैफिक नाके पर मौजूद थे। इस दौरान उनकी टीम द्वारा वहां से गाड़ियां लेकर गुजर रहे लोगों के दस्तावेज चैक किए जा रहे थे। तभी वहां पर बाइक पर सवार कुलदीप सिंह पहुंच गया। मौके पर मौजूद एएसआई दिलबाग सिंह ने उसे बाइक से संबंधित दस्तावेज दिखाने की मांग की है। कुलदीप सिंह के पास उचित दस्तावेज नहीं थे और कुलदीप सिंह पुलिस वालों से बहसबाजी शुरू कर दी है। इस दौरान उसने पुलिस मुलाजिम की वर्दी भी फाड़ दी।
इस हरकत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और बाद में उसे अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जिक्रयोग है कि मोहाली में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई मुलाजिमों की वर्दियां फाड़ी जा चुकी है। इनमें एयरपोर्ट से लेकर फेज-11 और बलौंगी में पहले भी घटनाएं हो चुकी है। इतना ही नहीं फेज-11 में तो एक पुलिस मुलाजिम गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसे सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच में भर्ती करवाया गया था। जहां पर उसका कई इलाज चला था।