संदिग्ध हालात में युवक का शव कार में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शक जताया है कि युवक की मौत नशे की ओवरडोज से हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमएसएच 16 में रखवा दिया है।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 2.15 बजे सेक्टर 40 में मकान नंबर 1398 के पास फोर्ड फीगो कार में युवक का शव बरामद किया गया। छानबीन करने पर पता चला कि शव सेक्टर 40 निवासी हर्षदीप सिंह (24) का है। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर डीएसपी साउथ , सेक्टर 39 एसएचओ व अन्य पुलिस कर्मी पहुंच गए।
सेक्टर 39 पुलिस स्टेशन के एसएचओ राजदीप सिंह ने बताया कि आसपास के लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी कि सेक्टर 40 में एक युवक बेसुध हालत में कार में पड़ा है। मौके पर पुलिस पहुंची और युवक को जीएमएसएच 16 लेकर आई तो डाक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि लोगों का कहना था कि कार पार्क के पास सुबह करीब 11 बजे से ही खड़ी थी। दोपहर तक जब कार वहीं खड़ी रही और उसमें लोगों ने देखा की लड़का बेसुध पड़ा है तो पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के मुताबिक हर्षदीप केपरिजनों ने बताया कि वह पिछले पांच छह सालों से नशे का आदी था और उसका इलाज भी चल रहा था। पुलिस शक जता रही है कि युवक की मौत नशे के ओवरडोज से हो सकती है। हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए जीएमएसएच 16 की मोर्चरी में रखवा दिया है।