राजस्थान के एक स्कूल में कार्यरत शिक्षक द्वारा एक युवती की अश्लील फोटो खिंचने, फोटो के सहारे ब्लैकमेल करने व जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। मामला हरियाणा के भिवानी का है। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला जैन चौक क्षेत्र के तहत रोहतक रोड की एक कॉलोनी का है। यहां एक साथ पढ़े एक शिक्षक ने अपनी साथी युवती के अश्लील फोटो लिये और अब उनके सहारे युवती को ब्लैकमेल और अश्लील बातें की जा रही थी।
युवती ने अपने परिजनों को सारी बात बताई। इसके बाद युवती के पिता ने शहर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर राहुल नामक शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मामले में जैन चौक चौकी इंचार्ज एसआई अत्तर सिंह ने बताया कि आरोपी ने बीएड की पढ़ाई करने के दौरान युवती के अश्लील फोटो खिंचे थे। बाद में वह युवक राजस्थान के एक स्कूल में शिक्षक लग गया।
युवती के पिता की शिकायत पर राहुल नामक शिक्षक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354, 294, 506, 67 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। युवक की तलाश की जा रही है।