रोहतक के तिलियार झील पर एक युवक ने खुद को सीआईडी का सदस्य बताकर प्रेमी जोड़े से हजारों रुपये ठग लिए। आरोपी ने जोड़े को उनके घर में सारी बात बताने का भय दिखाकर ठगी की।
रुपये लेने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। प्रेमी जोड़े को उसकी असलियत पता चली तो पुलिस को सूचना दी।
दरअसल रविवार को एक प्रेमी जोड़ा तिलियार झील पर घूमने आया था। दोनों झील परिसर में एक स्थान पर अकेले बैठकर बातें कर रहे थे। तभी एक युवक उनके पास आया।
उसने खुद को सीआईडी का सदस्य बताया। फिर जोड़े से पूछताछ करने लगा। इसी बीच आरोपी ने धमकी भरे लहजे में कहा कि तुम दोनों यहां अकेले नहीं बैठ सकते।
फिर दोनों को थाने ले जाने की बात करने लगा। इस पर प्रेमी जोड़ा सहम गया। दोनों को घबराया देख आरोपी ने जोड़े से 5 हजार रुपये मांगे। लेकिन पीड़ित ने इतने रुपये नहीं होने की बात कह आरोपी को 2 हजार रुपये दे दिए और वह चला गया।
बाद में झील परिसर में घूमने वाले एक व्यक्ति ने प्रेमी जोड़े को उक्त फर्जी युवक के बारे में जानकारी दी। फिर मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन वहां कोई नहीं मिला।