3 बाइक पर 6 दोस्त पिंजौर खाना खाने गए थे। रास्ते में कार से टक्कर में 2 दोस्तों की मौत हो गई। पंचकूला सेक्टर-17 स्थित इंदिरा कालोनी से छह युवक बुधवार शाम को बाइक पर सवार होकर परवाणू घूमने और खाना खाने निकले थे।
लेकिन खाना खाने के बाद परवाणू से घर लौटने के दौरान बीच रास्ते में कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत हो गई। मृतक युवकों की पहचान रोशन लाल (30) और श्याम लाल (25) के रूप में हुई है। दोनों युवक इंदिरा कालोनी के रहने वाले हैं। रोशन लाल शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। वहीं श्यामलाल किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता था। घटना से दोनों परिवारों में कोहराम बचा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने युवकों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में पंचकूला सेक्टर 17 इंदिरा कालोनी निवासी रोहित कुमार ने बताया कि वह और उसके 5 अन्य दोस्त तीन मोटरसाइकल पर सवार होकर पंचकूला से पिंजौर परवाणू बाईपास पर बने बेदी चिकन कार्नर पर खाना खाने गए थे।
बुधवार देर रात करीब 11 बजे खाना खाकर जब घर लौट रहे थे तो पिंजौर परवाणू बाईपास पर गांव बिटना के पास एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार रोशन लाल और श्याम लाल टक्कर से नीचे गिर गए। दुर्घटना में दोनों को गंभीर चोटें आने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।