मोबाइल में रिकॉर्ड वीडियो ने खोला राज
दोनों युवकों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि विकास करीब साढ़े नौ बजे उनके पास आया था और वह पहले से ही नशा करके आया था। जब पुलिस ने इनके मोबाइल कब्जे में लिए तो परीक्षित के मोबाइल में कुछ वीडियो मिले। पहला वीडियो मंगलवार तड़के 3:17, दूसरा 3:46, तीसरा 4:37 और चौथा 7:58 बजे बनाया गया था। पुलिस ने जब यह वीडियो देखे तो पैरों तले जमीन खिसक गई। क्योंकि इन वीडियो में रात को करीब 3 बजे ही विकास बेहोश हो रखा था और यह दोनों लड़के भी उस समय नशे की हालत में थे। आर्यन नशीले पदार्थ वाली सिगरेट पीकर उसका धुआं बेहोश पड़े विकास के मुंह में डाल रहा था और परीक्षित वीडियो बना रहा था। वीडियो में आर्यन नशे की हालत में विकास को सीपीआर देने की कोशिश करता भी दिख रहा है।
बेहोश विकास को अस्पताल न ले जाकर करते रहे उसकी जिंदगी से खिलवाड़
एक वीडियो में आर्यन कंबल के साथ विकास की नाक दबाकर उसकी सांस रोकने का प्रयास कर रहा है और परीक्षित उसे बोल रहा है कि अच्छे से दबा ताकि यह दोबारा उठ ही न सके। रात तीन बजे से नशे की ओवरडोज से बेहाेश विकास को उसके दोनों दोस्त अस्पताल न ले जाकर उसकी जिंदगी से खिलवाड़ करते रहे और पूरी रात विकास को कमरे में बेहोशी की हालत में ही रखा। इससे साफ जाहिर है कि इन युवकों ने पहले तो शराब का नशा किया और बाद में नशीले इंजेक्शन लगाकर चरस वाली नशीले सिगरेट भी पी। जांच में सामने आया है कि आर्यन प्रभात पीयू में बैचलर ऑफ टूरिज्म एंड ट्रेवल मैनेजमेंट का विद्यार्थी है, जबकि आरोपी परीक्षित पीयू का पुराना छात्र है।