पंजाब के एडीजीपी मोहम्मद मुस्तफा के बेटे के साथ शनिवार देर रात चंडीगढ़ के एक डिस्को में आधा दर्जन युवकों ने मारपीट की। इस हमले में गंभीर रूप से जख्मी हुए अकील मुस्तफा को पुलिस ने पीजीआई में भर्ती कराया है। पुलिस ने पीड़ित के बयानों पर छह अज्ञात युवकों के खिलाफ मारपीट करने का मामला दर्ज कर लिया है।
सेक्टर 26 थाना के एसएचओ चिरंजी लाल ने बताया कि शनिवार देर रात सेक्टर 26 स्थित एस लॉज डिस्कोथेक में अकील मुस्तफ ा एक पार्टी में आया था। अकील के साथ गनमैन भी था। डिस्कोथेक में जाने के बाद वहां उसका कुछ युवकों के साथ झगड़ा हो गया। हालांकि बाउंसरों ने बीच बचाव की कोशिश की।
परंतु हमलावर अकील को घसीटते हुए डिस्को थेक से बाहर खींच ले गए। आरोप है कि इस दौरान युवकों ने उसकी पिटाई भी की। अकील के गनमैन ने उसे बचाने की कोशिश की तो युवकों ने उस पर बोतलों व लात घूसों से हमला किया। अकील को गंभीर चोटें आई हैं।
सेक्टर 26 के एसएचओ ने बताया कि झगडे और मारपीट की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तब तक आरोपी वहां से फ रार हो चुके थे। बाद में अकील को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने रविवार को एस लॉज में लगे सीसीटीवी कैमरों से इस पूरी वारदात का सच जानने की कोशिश की।
पुलिस का दावा है कि हमलावरों को जल्द को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़ित ने भी हमलावरों में से कुछ युवकों की शक्लें पहचान लेने का दावा किया है। पुलिस ने केस दर्ज कर हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की, लेकिन उनको कोई सफलता नहीं मिली।