बठिंडा जिले के एक गांव के सरकारी स्कूल में 9वीं के छात्र ने प्रेम संबंधों में धमकी मिलने के बाद ट्रेन के नीचे आकर खुदकुशी कर ली। जीआरपी पुलिस ने आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में वीरवार को स्कूल के अध्यापक, चेयरमैन, सरपंच और एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार छात्र के साथ पढ़ रही एक लड़की से प्रेम संबंध थे। जब इसका पता लड़की के अभिभावकों को चला तो उसकी माता स्कूल कमेटी के चेयरमैन चरणजीत सिंह पाली और शिरोमणि अकाली दल के सरपंच चरनजीत सिंह को साथ लेकर स्कूल अध्यापक संजीव कुमार के पास पहुंची। उन्होंने इकट्ठे होकर छात्र को धमकाया। एक अध्यापक ने छात्र को स्कूल से नाम काटने की धमकी भी दे डाली।
इससे परेशान होकर छात्र बुधवार को छुट्टी के बाद अपना बैग घर पर रखकर रेलवे लाइन पर चला गया। करीब तीन बजे जब मालगाड़ी आई तो उसने इसके आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। एसएचओ हरजिंद्र सिंह ने बताया कि स्कूल के अध्यापक संजीव कुमार, सरपंच चरनजीत सिंह, स्कूल चेयरमैन चरनजीत सिंह और एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।