इसके अलावा सुभाष, चिरागदीन, ममता देवी, कमला देवी, राधा देवी, सरदार दीन आदि घायलों को नजदीक के उपचार केन्द्रों में ले जाया गया। थाना दुनेरा इंचार्ज अरुण कुमार और अस्पताल में भर्ती घायलों ने बताया कि रोजाना की तरह ठाकुर मिनी बस सुबह 10 बजे डैम से करीब 25 सवारियां लेकर दुनेरा की ओर जा रही थी। तभी दुनेरा से पहले एक मोड़ पर पीछे से आ रहे एक ट्रक को साइड देने के लिए ड्राइवर ने बस को किनारे किया।
सड़क के किनारे एक निजी मोबाइल नेटवर्क कंपनी तार बिछाने का काम कर रही है और वहां गड्ढा खोदा हुआ था। पिछले लगातार दो दिन से बारिश होने के कारण सड़क के किनारों की मिट्टी भी गीली पड़ी है। इस वजह से बस का टायर गड्ढे मे पड़ते ही अचानक गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से उतर कर खाई में करीब 10 फीट नीचे पलटते हुए एक पेड़ से जा टकराई।
हादसे में बस सवार करीब 18 यात्रियों को चोट आई है। इनमें 4 गंभीर रुप से घायल हुए हैं। जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खाई में गिरी बस अगर पेड़ से टकराकर न रुकती तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।