तीन युवक 10वीं छात्रा की मजबूरी का फायदा उठाकर उसे नोचना चाहते थे। हारकर छात्रा ने उठाया खौफनाक कदम। युवकों ने शारीरिक संबंध बनाने के लिए इस कदर मजबूर किया तो दसवीं की एक छात्रा ने जहर खाकर जान दे दी।
थाना माडल टाउन पुलिस ने मृतका की मां के बयान के आधार पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक मृतका की मां ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसकी दसवीं कक्षा की बेटी को आदर्श कालोनी के निवासी अजय कुमार, कमल कुमार और उसका भाई धीरज कुमार तंग करते थे। आरोप है कि उक्त तीनों उसे संबंध बनाने के लिए मजबूर करते थे।
पेपर देकर घर लौटी और कर ली खुदकुशी
शिकायतकर्ता ने बताया कि मंगलवार को उसकी बेटी दसवीं कक्षा का पेपर देकर घर लौटी तो वह काम पर गई हुई थी। छात्रा के पिता की मौत हो चुकी है। घर पर कोई नहीं था, इस बीच उसने कोई जहरीली वस्तु निगल ली।
हालत बिगड़ने पर उसे देर शाम सरकारी अस्पताल होशियारपुर में दाखिल कराया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। सूचना पाकर एसएचओ थाना मॉडल टाउन प्रेम कुमार मौके पर पहुंचे और तीनों आरोपियों कमल, उसके भाई धीरज और अजय को पिपलांवाला से गिरफ्तार कर लिया।
एसएचओ प्रेम कुमार ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धारा 306 और 34 के तहत आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।