पटियाला की सेंट्रल जेल में बुधवार को गुप्त सूचना पर बैरकों में चेकिंग करने गए डिप्टी सुपरिंटेंडेंट और दो वार्डनों पर हवालातियों ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। खबर लिखे जाने तक थाना त्रिपड़ी पुलिस ने 9 हवालातियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज करके मामले में कार्रवाई शुरू कर दी थी, जबकि घायलों को सरकारी राजिंदरा अस्पताल में दाखिल करा दिया गया था।
मामले के जांच अधिकारी एसआई जग्गा सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना पर जेल के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट व दो वार्डन बैरकों में चेकिंग करने गए थे। वहां छिपाकर रखे दो मोबाइल जेल स्टाफ को बरामद हुए। इनको बरामद करके जब तीनों जेल मुलाजिम वापस आने लगे तो 9 हवालातियों ने ईंट व पत्थरों के साथ जेल स्टाफ पर हमला कर दिया। बाकी के जेल स्टाफ ने पहुंचकर हवालातियों पर काबू पाया। तुरंत घायल जेल मुलाजिमों को अस्पताल ले जाया गया।