सिविल अस्पताल में उपचाराधीन घायल कश्मीरो।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
शादी वाले घर में बधाई मांगने गई चार महिलाओं में से एक महिला पर दातर से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। घायल हालत में महिला को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला का इलाज करने के बाद उसे घर वापस भेज दिया। वहीं महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। मामला पंजाब के बटाला का है।
मोहल्ला न्यू हरनाम नगर की रहने वाली राजी ने बताया कि गुरुवार को वह मोहल्ला चंद्र नगर में विवाह वाले घर में बधाई मांगने गई थी। उसके साथ कश्मीरो, बबली और धर्मी भी थीं और बधाई मांगना उनका पेशा है। जब वह चारों विवाह वाले घर में बधाई मांगने गई तो घरवालों ने उसे 200 रुपये बधाई के तौर पर दिए। जब उन्होंने कुछ और पैसे मांगे तो लड़के का भाई दातर पकड़कर उनकी ओर बढ़ा।
वह शोर मचाते हुए वहां से भाग खड़ी हुई लेकिन कश्मीरो जो सुन नहीं सकती थी, वह वहीं खड़ी रही। इसी दौरान दूल्हे के भाई ने अपनी दातर से कश्मीरो की टांग और कलाई पर दो वार किए। कलाई पर गंभीर प्रहार से कश्मीरो की कलाई लहूलुहान हो गई। कश्मीरो को बटाला के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी कलाई पर टांका लगाया और मरहम पट्टी करने के बाद उसे घर भेज दिया।
वहीं पीड़ित पक्ष ने कश्मीरो की कान की सोने की बालियां उतारने का भी आरोप लगाया है। इस संबंध में थाना सिविल लाइन के अधीन पुलिस चौकी सिंबल के इंचार्ज एएसआई पंजाब सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तरफ से शिकायत दर्ज करवाई गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।