पार्किंग को लेकर विवाद पर पीजीआई के सिक्योरिटी गार्ड पर तेजधार हथियारों से हमला करने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को अभी भी दो मामले में हमलावरों की तलाश है।
मामले की जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात को पीजीआई के कार्डियक सेंटर के बाहर तैनात सिक्योरिटी गार्ड प्रदीप कुमार पर चार युवक तेजधार हथियारों से हमला कर फरार हो गए थे। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने नयागांव की जनता कॉलोनी के रहनेवाले परमिंदर सिंह व सौरभ को गिरफ्तार कर लिया है। बाकि दो आरोपी युवकों की पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी शुक्रवार की रात को पीजीआई के कार्डियक सेंटर में किसी रिश्तेदार को मिलने गये थे। जब वो गाड़ी बाहर लगाने लगे तो पीड़ित गार्ड ने उनको वहां गाड़ी लगाने से मना किया व गाड़ी पार्किंग में लगाने को कहा।
जिस पर उसकी युवकों से बहस होने लगी। बहस इतनी बढ़ गई की हाथापाई शुरू हो गई। इसके बाद आरोपी प्रदीप पर किसी तेजधार हथियार से हमला कर फरार हो गये थे। अन्य सिक्योरिटी गार्ड पीड़ित को ट्रामा सेंटर ले कर गये। जहां प्राथमिक उपचार के बाद प्रदीप को छुट्टी दे दी गई।