चंडीगढ़ रोड स्थित जमालपुर चौक में रात आई-20 सवार चार नकाबपोश लुटेरों ने नोकिया शोरूम मालिक बाप-बेटे पर हमलाकर 15.50 लाख रुपये लूट लिए। घायल राकेश विज और उनका बेटा साहिल विज सीएमसी अस्पताल में भर्ती हैं। हमले में साहिल के सिर की हड्डी को काफी नुकसान पहुंचा है। मंगलवार सुबह डीसीपी धुम्रन निंबले, एडीसीपी सतवीर सिंह अटवाल और एसीपी गुरमीत सिंह ने घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार लुटेरे समराला चौकी की तरफ से आए थे, और वारदात के बाद चंडीगढ़ की तरफ फरार हो गए। अब पुलिस की अलग-अलग टीमें समराला चौक से लेकर वारदात स्थल से होते हुए चंडीगढ़ रोड पर आगे तक सीसीटीवी कैमरे चैक कर रही हैं। पुलिस को एक कैमरे की फुटेज मिली है, मगर दूर होने के कारण सिर्फ गाड़ी जाती हुई दिखाई दे रही है। गाड़ी नंबर या लुटेरों की पहचान नहीं हो पा रही।
सोमवार देर रात करीब 11.30 बजे जमालपुर चौक पर स्थित विज कांप्लेक्स के मालिक और मनी एक्सचेंजर राकेया विज अपने नोकिया शोरूम में बेटे साहिल विज के साथ मौजूद थे। उनके पास 15.50 लाख रुपये कैश था और वह हिसाब कर रहे थे। इसी दौरान आई-10 गाड़ी में चार नकाबपोश लुटेरे शोरूम में घुसे और बाप-बेटे पर तेजधार हथियारों से वार कर पैसा लूटकर ले गए। लुटेरे चंडीगढ़ रोड की तरफ भागे। पास में रह रहे ऑटो चालक गोबिंद और मनी ने घायलों के रिश्तेदारों को फोन पर जानकारी दी। इसके बाद उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें सीएमसी अस्पताल रैफर कर दिया।