बेखौफ चोर बुधवार रात पीएनबी का 14 लाख से भरा एटीएम उखाड़ ले गए। रात को हुई इस घटना का खुलासा बृहस्पतिवार दोपहर को उस समय हुआ जब एक ग्राहक एटीएम से पैसे निकालने के लिए पहुंचा। कनीना बस स्टैंड के पास हुई इस घटना से सनसनी फैल गई सूचना पर आनन फानन पुलिस अधिकारी और बैंक कर्मचारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की।
कनीना बस स्टैंड पर पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम है। बुधवार रात चोर यहां एटीएम उखाड़ ले गए। बृहस्पतिवार दोपहर को जब एक ग्राहक पैसे निकलवाने पहुंचा तो वह वहां पर एटीएम ने देखकर भौचक्का रह गया। उसने तत्काल इसकी सूचना बैंक अधिकारियों को दी।
वारदात की सूचना पर बैंक अधिकारी, थाना प्रभारी ने फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट के साथ मौके का मुआयना किया। मशीन को जमीन से कटर के माध्यम से उखाड़ा गया है। कैश जमा करवाने वाली एजेंसी एजीएफ कंपनी के कोऑर्डिनेटर गुलशन कुमार ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि मशीन में 14,36,900 रुपये थे। गुलशन कुमार के बयान पर चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।