एटीएम लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने गैंग की महिला सरगना समेत उसके 4 साथियों को गिरफ्तार किया। संगरूर और पटियाला जिले में कई बैंकों के एटीएम लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गैंग की सरगना महिला है जो अपने चार साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने इनसे हथियार भी बरामद किए हैं।
एसएसपी प्रितपाल सिंह थिंद ने बताया कि सीआईए स्टाफ और थाना भवानीगढ़ पुलिस ने नदामपुर में नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग नदामपुर नहर की कच्ची पटडी के पास बैठे किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
इस पर पुलिस ने तुरंत छापामारी करके गैंग की सरगना कुलविंदर कौर निवासी भवानीगढ़, कुलदीप सिंह निवासी बालद खुर्द, रहमदीप वासी झनेड़ी, अमृतपाल धनेड़ी (हरियाणा), गुलाब सिंह निवासी गांव आलोअर्ख को काबू कर लिया। इनके दो साथी विसाख सिंह और लछमन सिंह मौके से फरार हो गए।
एसएसपी थिंद ने बताया कि पुलिस ने इस गिरोह से दो पिस्तौल 12 बोर, नौ रौंद, किरपाण, चोरी की दो एक्टिवा तथा चार मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ के दौरान स्वीकार किया है कि उन्होंने संगरूर तथा पटियाला के कई बैंकों के एटीएम लूटने की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस ने इनसे एटीएम काटने वाला गैस कटर भी बरामद किया है।