फेज-8 स्थित इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस चौकी से मात्र सौ मीटर दूर स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को शनिवार रात लुटेरों ने निशाना बनाया। हालांकि सिक्योरिटी गार्ड की बहादुरी के चलते लुटेरे अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके। सिक्योरिटी गार्ड ने अपनी जान जोखिम में डालकर तीनों लुटेरों से डटकर मुकाबला किया।
इस दौरान लुटेरों ने सिक्योरिटी गार्ड के सिर और हाथ पर चाकू और सुए से हमला किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि अपने मकसद में कामयाब नहीं होने पर लुटेरे वहां भाग खड़े हुए। सिक्योरिटी गार्ड को गंभीर हालत में फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। गार्ड की पहचान वीर सिंह निवासी सेक्टर-52 के रूप में हुई है। गार्ड ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दे दी है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को दी शिकायत में गार्ड ने बताया कि शनिवार करीब रात 12 बजे वह एटीएम के अंदर बैठा हुआ था। इस बीच तीन लड़के एटीएम के अंदर लूट की नियत से घुसे। उन्होंने एटीएम में तोड़फोड़ की कोशिश की। वीर सिंह ने जब युवकों को रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने उस पर चाकुओं व सुए से हमला कर दिया। इस बीच उसके सिर पर आरोपियों ने कई वार किए। जब उन्हें सफलता नहीं मिली तो उन्होंने उसके गले पर भी चाकू मारा। वह पूरी तरह से लहूलुहान हो गया। हालांकि उसने हिम्मत नहीं हारी। करीब पंद्रह मिनट तक वह तीनों से मुकाबला करता रहा। जब युवकों को लगा कि वह वारदात में कामयाब नहीं हो पाएंगे तो वह भाग खड़े गए। सिक्योरिटी गार्ड ने तुरंत पुलिस को फोन किया। इसके बाद मौके पर पीसीआर पार्टी पहुंच गई। इसके बाद रात को उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं, सिक्योरिटी गार्ड ने पुलिस को बताया कि आरोपियों में से दो लंबे और एक का कद छोटा था।
पहले भी हो चुकी इस एटीएम को लूटने की कोशिश
पहले भी हो चुकी इस एटीएम को लूटने की कोशिश
पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद
पुलिस के मुताबिक घटना की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बैंक के अधिकारियों से फुटेज मांगी गई है। इसके बाद आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोचा जाएगा। किसी को भी माफ नहीं किया जाएगा।
पूरा एटीएम व सड़क खून से सनी
गार्ड और आरोपियों के बीच हुई हाथापाई के बाद गार्ड पूरी तरह से जख्मी हो गया था। इस दौरान गार्ड का खून एटीएम के अंदर बिखरा हुआ था। इसके अलावा वहां से गुजर रही सड़क पर भी काफी एरिया में खून के दाग थे।
पहले भी हो चुकी इस एटीएम को लूटने की कोशिश
यह पहला मौका नहीं है। इससे पहले भी इस एटीएम को लूटने की कोशिश की जा चुकी है। यहां बैंक ऑफ इंडिया और एसबीआई का एटीएम है। कुछ वर्ष पहले भी इस एटीएम को लूटने की कोशिश हुई थी। हालांकि आरोपी लूट में कामयाब नहीं हो पाए थे। इसके अलावा फेज-7, सेक्टर-70, मौली बैदवान, जीरकपुर, कुराली में कई बार एटीएम लूट की कोशिशें हो चुकी हैं।