कमाही देवी स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा के एटीएम को बुधवार रात करीब साढे़ तीन बजे चोरों ने निशाना बनाया। बैंक अधिकारियों के मुताबिक एटीएम से 17 लाख 64 हजार 500 रुपये की लूट हुई है। बैंक सूत्रों के मुताबिक एटीएम में एक दिन पहले ही 21 लाख 82 हजार रुपये की रकम डाली गई थी।
चोरी की घटना का उस समय पता चला जब गांव में गश्त पर तैनात होमगार्ड के जवान सुबह की पाली में प्रसिद्ध कामाक्षा देवी मंदिर के पास स्थित पीएनबी एटीएम पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि एटीएम का अगला हिस्सा कटा हुआ था और आगे के हिस्से में लगी धातु की प्लेट एक तरफ पड़ी थी।
इस पर होमगार्ड महिंदरपाल ने इसकी जानकारी करीब ही रहने वाले बैंक के सफाई कर्मी यशपाल को दी। यशपाल ने इस बारे में तुरंत फोन पर बैक मैनेजर को बताया। बैंक मैनेजर परमजीत ने तलवाड़ा पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही तलवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। इस दौरान स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने जांच के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया। एटीएम से कई फिंगर प्रिंट मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज का सहारा लेकर पुलिस मामले की जांच करने में जुटी थी लेकिन उसमें भी ज्यादा कुछ हासिल नहीं हुआ है। रात साढ़े तीन बजे के सीसीटीवी फुटेज में दिखता है कि अज्ञात चोर मुंह पर नकाब पहने एटीएम बूथ में घुसा और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर दिया।
इसके बाद अपने एक साथी की मदद से उसने गैस कटर से एटीएम को काटा और उसमें पड़े पैसे लेकर रफूचक्कर हो गए। बैंक शाखा के मैनेजर परमजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि एटीएम में बुधवार को ही 21 लाख 82 हजार रुपये डाले गए थे जिसमें से करीब चार लाख रुपये निकाले जा चुके थे। तलवाड़ा पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।