चंडीगढ़ पुलिस विभाग के अस्सिटेंट सब इंस्पेक्टर (एएसआई) और कांस्टेबल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई हुई है। एएसआई और कांस्टेबल को सस्पेंड किया गया है। दोनों के खिलाफ यह कार्रवाई सेक्टर-32 स्थित सेवक फार्मेसी (मेडिकल शॉप) पर हुई फायरिंग मामले में हुई है।
एएसआई अजयपाल पाली और कांस्टेबल अविनाश को स्सपेंड किया गया है। वहीं पुलिस अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि विभागीय जांच के बाद दोनों को सस्पेंड किया गया है। इससे पहले पुलिस विभाग ने लाइन हाजिर किया था। घटना के समय अजयपाल ट्रैफिक पुलिस और अविनाश ऑपरेशन सेल में तैनात थे। सूत्रों ने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों की सेवक फार्मेसी पर फायरिंग के आरोपी राहुल बिष्ट के साथ जान-पहचान थी। दोनों पुलिसकर्मियों का राहुल बिष्ट के साथ उठना बैठना था। हालांकि ऑफिशियल तौर पुलिस अधिकारियों ने राहुल बिष्ट के साथ क्राइम में भूमिका से इनकार किया है।
बता दें कि इसी साल 16 जनवरी की रात सेक्टर-32 ई में छोटे चौक के पास स्थित सेवक फार्मेसी पर बदमाशों ने दो से तीन राउंड फायर किए थे। गोलियां सीधे काउंटर पर लगी थीं। काउंटर पर बैठे ऑनर के बेटे ने समय रहते भागकर जान बचाई थी। एक गोली चैंबर में फंस गई थी।
मामले में क्राइम ब्रांच पहले ही राहुल बिष्ट उर्फ डॉक्टर को गिरफ्तार किया था, जो वारदात स्थल के पास लैब संचालित करता था। आरोपी से पिस्टल भी बरामद की गई थी। शुरू में राहुल खुद को पुलिस की मदद करने वाला बताकर लगातार कॉल करता रहा, लेकिन सख्त पूछताछ में वही पूरी साजिश का मास्टरमाइंड निकला।