जिले के राजेमाजरा गांव के एक शादीशुदा जवान व उसकी प्रेमिका के शव फार्म हाउस से संदिग्ध हालात में मिले हैं। जानकारी के अनुसार, सैनिक सुरमुख सिंह (28) पुत्र सुरिंदर सिंह राजौरी में तैनात था।
वह 10 नवंबर को छुट्टी पर घर आया था। उसे 16 नवंबर को वापस जाना था, लेकिन 15 को घर पर बाजार से कुछ सामान लाने की बात कहकर चला गया और वापस नहीं आया। मृतक जवान के पिता सुरिंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्हें रविवार सुबह करीब साढे़ पांच बजे सुरमुख का फोन आया कि वह गांव ताजोवाल स्थित अपने फार्म हाउस पर कोई जहरीली चीज खाकर आत्महत्या कर रहा है जिसके बाद सुरिंदर सिंह वहां पहुंचे।
उन्होंने देखा कि सुरमुख सिंह और उसकी प्रेमिका दोनों गंभीर हालात में थे, जिसके बाद दोनों को तुरंत सिविल अस्पताल रोपड़ पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टर ने जवान की प्रेमिका को मृत घोषित कर दिया, जबकि कुछ ही समय बाद सुरमुख सिंह ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया।
सुरमुख सिंह पहले से शादीशुदा था और उसके दो छोटे छोटे बच्चे भी हैं। जबकि मृतका 11वीं कक्षा में पढ़ती थी। आसरों चौकी इंचार्ज शोकी राम ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग व आत्महत्या का लग रहा है।