सूफी गायक ज्योति नूरां का नाम एक बार फिर विवादों में आ गया है। उन पर और उनके साथियों पर देर रात करीब दो बजे कॉफी शॉप के बाहर दंपती से मारपीट करने का आरोप लगा। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। घटना जालंधर के नकोदर चौक के पास की है। पूरा मामला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। थाना-4 के पुलिस अधिकारी ने बताया कि ज्योति नूरां अपने साथी के साथ कॉफी पीने एक रेस्टोरेंट में पहुंचीं थीं।
फोटो खिंचवाने के लिए सतनाम नगर निवासी सचिन बग्गा और उनकी पत्नी ज्योति नूरां के पास पहुंचे। पहले उन्होंने फोटो खिंचवाने से मना किया फिर उनके साथ आए लड़कों ने मारपीट की और तेजधार हथियार से उन पर हमला कर दिया। इस दौरान सचिन के हाथ पर चोट आई। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जांच अधिकारी ने बताया कि पीड़ितों को बयान देने के लिए थाने में बुलाया गया है। सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति तेजधार हथियार लहराते नजर आ रहा है। उसकी पहचान की जा रही है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।