जालंधर के अली मोहल्ला में बुधवार देर रात वाल्मीकि समाज के नेताओं में टकराव हो गया। इस दौरान भाजपा के एससी मोर्चा के प्रदेश सचिव दीपक तेलू गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। थाना नंबर दो की पुलिस ने वीरवार को अकाली दल के दलित विंग के पूर्व उपाध्यक्ष सुभाष सोंधी, उनके भाई धर्मेंद्र सोंधी, बेटे हिमांशु सोंधी, अंकुश सोंधी, राजू खोसला, गोबा, पिंदा, सिकंदर, राहुल, सुरिंदर समेत अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
पुलिस ने अकाली दल के नेता सुभाष सोंधी और राजू खोसला को गिरफ्तार कर कड़ी सुरक्षा में कोर्ट में पेश किया। यहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। वाल्मीकि समाज के अग्रणी नेताओं में खूनी टकराव से शहर के सभी हिस्सों में पुलिस ने सुरक्षा सख्त कर दी है।
छह फायर किए
घटनास्थल से मिली जानकारी के अनुसार अली मोहल्ला में राजू खोसला के पिता सुदेश खोसला की रिटायरमेंट पार्टी चल रही थी। इस दौरान कुछ लोग जबरन अंदर आ गए, जिन्होंने आते ही बेवजह गाली-गलौच और हंगामा करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उक्त लोगों ने करीब 6 फायर कर दिए। इस हमले में आरोपी सिकंदर के हाथ पर भी चोट लगी है। उसको अस्पताल दाखिल करवाया गया है।
सोंधी के समर्थक पहुंचे थाने
शिअद नेता सुभाष सोंधी के पक्ष में वीरवार को लोग थाने पहुंचे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने धक्केशाही कर एक पक्ष पर मामला दर्ज किया है। वहीं हमला दूसरे पक्ष ने किया है। इसकी निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।
ऐसे बढ़ा विवाद
Jalandhar News
ऐसे बढ़ा विवाद
विपिन सभ्रवाल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी सुभाष सोंधी के साथ बोलचाल बंद है। बुधवार रात उन्हें सोंधी का फोन आया था कि वह अली मोहल्ला में एक रिटायरमेंट पार्टी में साथ चलेंगे। उसके बाद सोंधी सीधा खुद ही चले गए। उन्होंने वहां जाकर सोंधी से कहा कि अगर सीधा ही आना था तो उन्हें फोन ही क्यों किया।
इसे लेकर थोड़ी बहस हो गई। इसके बाद विपिन सभ्रवाल श्री गुरु रविदास चौक चले गए। कुछ देर बाद वह अपने जीजा दीपक तेलू को साथ लेकर अली मोहल्ला वापस लौटे तो सोंधी ने गाली गलौज शुरू कर दी और गोलियां चला दीं। गोली उनके जीजा दीपक तेलू के पेट के नीचे जा लगी। उसके बाद सोंधी, उसका भाई, बेटे व अन्य साथी फरार हो गए।
पुलिस बाकी हमलावरों की तलाश कर रही है। इलाके की सीसीटीवी फुटेज निकलवाई जा रही हैं। सुभाष सोंधी दलित समाज के अग्रणी नेता हैं और शिरोमणि अकाली दल की सूबे की इकाई के ओहदेदार भी हैं।
-सतिंदर चड्ढा, एसीपी केंद्रीय, जालंधर