दोस्ती की भेंट चढ़ गया 19 वर्षीय नवयुवक। उसे ये भी नहीं मालूम था कि जिसे वो अपना दोस्त मानता है वो रच रहे थे उसके खिलाफ खौफनाक साजिश। खौफनाक वारदात हरियाणा के कैथल में घटी।
महादेव कालोनी से रविवार को किडनैप 19 वर्षीय अजय का पैसे के लिए उसके ही तीन दोस्तों ने बड़ी बेरहमी से कत्ल कर दिया। अजय के दोस्तों ने मानवता की सारी सीमाएं लांघते हुए उसके सिर पर तेजधार हथियार से वार किया। एक हाथ का अंगूठा काटा डाला। पहचान मिटाने के लिए ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसके चेहरे और छाती को जला दिया।
साथ ही बाजू पर जिस जगह ‘अजय’ लिखा था, उसे पहले तेजधार हथियार से काटा और जलाया गया है। तीनों आरोपियों ने अजय के शव को पूंडरी के पास सिरसा ब्रांच नहर पर फेंक दिया। देर शाम पुलिस ने तीन को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पूरी वारदात का खुलासा हुआ।
गौरतलब है कि रविवार देर शाम महादेव कालोनी निवासी ठेकेदार राजेंद्र सिंह के बेटे का अजय का अपहरण किया गया था। रविवार देर शाम उसके परिजनों को फिरौती की कॉल भी आई थी।
अपहरण करने वालों ने उसके पिता से दस लाख रुपये मांगे थे। पुलिस ने अपहरण के अलावा हत्या के केस दर्ज किया। उधर, अजय के शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक रेफर करने पर परिजनों ने जिला अस्पताल में जमकर हंगामा किया।
अपहरण के लिए एक माह से प्लानिंग कर रहे थे
बीते समय में कई मामलों को सुलझाने में नाकाम जिला पुलिस ने 24 घंटे में अजय के हत्या आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक कृष्ण मुरारी ने देर शाम सीआई-ए1 में पत्रकारों को यह जानकारी दी। एसपी ने बताया कि पुलिस ने रात को ही अजय से मोबाइल और बिना मोबाइल के संपर्क में रहने वाले दोस्तों से संपर्क किया।
सुबह तक 15-20 दोस्तों को पूछताछ के लिए बुलाया। इनमें दो आरोपी भी शामिल थे। पूछताछ में पता चला कि अजय की कालोनी के राहुल ने लविश एवं एक नाबालिग दोस्त के साथ मिलकर मर्डर किया। तीनों ने बताया कि वे पिछले करीब एक माह से प्लानिंग के बाद अजय का अपहरण करने की सोच रहे थे।
शनिवार को राहुल ने अजय को किसी के फोन से कॉल करके घर से बुलाया। इसके बाद राहुल, लविश व नाबालिग अजय को एक ही मोटरसाइकिल पर बैठाकर पूंडरी की ओर मूंदड़ी नहर ले गए। उन्होंने एक गंडासी एवं शराब की आधी बोतल खरीदी। अजय ने तीनों से गंडासी के बारे में पूछा भी। लेकिन तीनों ने कहा कि कहीं भी जरूरत पड़ सकती है। इसके बाद तीनों मूंदड़ी नहर पहुंचे।
जहां पहले खूब मस्ती की। राहुल व नाबालिग ने शराब पी। लविश ने मौका देखकर अजय के सिर पर गंडासी से वार किया। इसके बाद नाबालिग एवं राहुल ने भी उसके सिर पर गंडासी से कई वार किए। तीनों ने उसे नहर की पटरी के नीचे ले जाकर उसी की मोटरसाइकिल से तेल निकाल कर उसके चेहरे, छाती एवं पहचान के लिए नाम को जलाने का प्रयास किया।
उस पेट्रोल से वह जितना जल सका, उसे उतना जलाने के बाद वे उसी की मोटरसाइकिल पर वहां से भाग निकले। कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल का तेल खत्म हो गया। वे लिफ्ट लेकर कैथल पहुंचे। यहां सेक्टर 21 से नाबालिग ने राहुल के पिता को फोन कर 10 लाख की फिरौती मांगी। लेकिन उसके पिता ने उन्हें दस लाख देने के बजाय धमका दिया। इस पर तीनों ने कहा कि सुबह अपने बेटे का शव देख लेना। इसके बाद तीनों ने मोबाइल फेंक दी।
तीनों अजय के साथ ही खेलते थे। तीनों का कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं है। तीनों अजय की कालोनी के ही रहने वाले हैं। नाबालिग चंदाना गेट के ही एक स्कूल में दसवीं कक्षा में पढ़ता है। राहुल का छोटा सा होटल है। लविश एक वीटा दूध के बूथ पर काम करता है। तीनों सामान्य परिवारों से हैं।
शाम को फिरौती की कॉल, देर रात मिला शव
रविवार देर शाम अजय के अपहरण और फिरौती की कॉल परिजनों को आई थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इस दौरान रात दस बजे पुलिस को पूंडरी के निकट सिरसा ब्रांच नहर पर एक युवक का शव मिला। अजय के परिजनों को बुलाया गया। एक बार तो परिजनों ने शिनाख्त से इंकार कर दिया। लेकिन देर रात अजय के कपड़ों से शिनाख्त की गई। उधर, सोमवार सुबह सूचना मिलते ही पार्षद विक्की शर्मा, बदन सिंह सहित शहरवासी अस्पताल में एकत्रित हो गए।
शव रोहतक रेफर करने पर डॉक्टर्स को बंधक बनाया: सोमवार को डॉक्टर्स ने अजय के शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक रेफर किया तो परिजनों ने हंगामा कर दिया। डॉक्टरों को तीन घंटे तक बंधक बनाकर रखा। लेकिन बाद में अधिकारियों के आग्रह पर रोहतक पीजीआई से विशेषज्ञों की टीम पोस्टमार्टम के लिए कैथल रवाना हुई है। उधर, पोस्टमार्टम न होने के चलते पुलिस कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पाई है।
किसी लड़की का फोन आया और बाइक पर निकल गया अजय: अजय के पिता राजेंद्र ने बताया कि अजय इंडिगो कंपनी में मेकेनिक था। रविवार दोपहर एक बजे के आसपास क्रिकेट खेल कर घर आया। इसी बीच उसके पास किसी लड़की का फोन आया और वह मोटरसाइकिल एवं मोबाइल लेकर निकल गया। इसके बाद शाम 6 बजकर 10 मिनट पर उनके मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा, ‘10 लाख रुपये देकर अपने बेटे को बचा लो।’ पैसे न देने पर उसकी एवं उसके छोटे बेटे एवं परिवार के अन्य लोगों की भी हत्या करने की धमकी दी। उन्होंने पुलिस को सूचित किया। इसके बाद देर रात पूंडरी के पास अजय का शव मिला।
कृष्ण मुरारी, एसपी, कैथल ने बताया कि पुलिस अजय के हत्या के आरोप में उसके दोस्तों को गिरफ्तार कर चुकी है। कई महत्वपूर्ण सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पता चलेगा कि यह फिरौती के लिए हत्या की गई या फिर कुछ और मामला है।