हत्या और नशा तस्करी मामले में जमानत पर जेल से बाहर आए एक आरोपी ने शनिवार को एक महिला वकील पर तेजाब फेंक दिया। वारदात के वक्त महिला वकील अपने भाई के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रही थी। महिला वकील का पीछा कर रहे आरोपी ने पहले उनका नाम लेकर पुकारा और जब महिला वकील ने पीछे मुड़कर देखा तो आरोपी ने तेजाब की बोतल उनके चेहरे की तरफ उछाल दी और अपने एक अन्य साथी के साथ फरार हो गया।
एएसआई दलजीत कौर ने बताया कि मामले की जांच करवाई जा रही है। गुरदासपुर के एक गांव की पीड़िता की शिकायत पर मजीठा थाना पुलिस ने फतेहगढ़ चूड़ियां के गांव बाग वाली गली निवासी करण और उसके एक अन्य साथी पर केस दर्ज कर लिया है। पीड़िता ने बताया कि कुछ माह पहले ही उन्होंने वकालत की पढ़ाई पूरी की।
आज कल पंजाब-चंडीगढ़ हरियाणा हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करती हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि करण उन्हें पहले भी कई बार परेशान कर चुका है। उन्होंने बताया कि आरोपी करण के विरुद्ध गुरदासपुर और अमृतसर में हत्या, नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं। वे इस बारे में अपने परिजनों को शिकायत कर चुकी है।
पीड़िता ने बताया कि शनिवार शाम वे अपने भाई के साथ बाइक पर सवार होकर घर की तरफ लौट रही थीं। रास्ते में करण अपने एक साथी के साथ उसका पीछा करने लगा। हालांकि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि आरोपी ने उनका नाम लेकर आवाज दी, जिस पर उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो आरोपी ने तेजाब की बोतल उनके चेहरे की तरफ उछाल दी लेकिन तेजाब उनकी जैकेट पर गिर गया और वह बच गई। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद सबक सिखाने की धमकी देते साथी के साथ फरार हो गया। आरोपी हत्या और नशा तस्करी मामले में जेल से जमानत पर आया है।