12वीं कक्षा की छात्रा पर तेजाब फेंकने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ विक्की कंडा को जुडीशियल मजिस्ट्रेट दीप्ति गोयल के समक्ष पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड ले लिया है। दूसरे नाबालिग आरोपी को फाजिल्का की अदालत में पेश किया जाएगा।
पीड़ित छात्रा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरोपी युवक हरप्रीत सिंह उर्फ विक्की कंडा निवासी दशमेश नगरी उसे रोजाना तंग करता था। इस बारे में उसने अपनी मां को भी बताया था। कुछ दिन पहले उसके परिजन वाले इकट्ठा होकर विक्की के घर गए थे।
विक्की के पिता ने दोबारा ऐसी गलती नहीं होने की बात कही थी लेकिन शुक्रवार शाम जब वह ट्यूशन सेंटर से लौट रही थी तो आरोपी विक्की और नाबालिग ने उसपर तेजाब फेंक दिया। छात्रा फरीदकोट के मेडिकल कॉलेज में दाखिल है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, शहर की विभिन्न समाज सेवी, राजनीतिक और धार्मिक जत्थेबंदियों ने लड़की पर तेजाब फेंकने की घटना की निंदा की है। उन्होंने मांग की कि आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।