चंडीगढ़ कोऑपरेटिव बैंक में लूट का आरोपी गिरफ्तार।
- फोटो : फाइल फोटो
चंडीगढ़ के सेक्टर-61 पुलिस चौकी के बगल दिनदहाड़े कोऑपरेटिव बैंक से साढ़े आठ लाख की लूट करने का आरोपी मोहाली से गिरफ्तार कर लिया गया है। मोहाली क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी को पकड़ा है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी पर पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में 20 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।
सूत्रों का कहना है कि यह वही आरोपी है जिसने कुछ महीनों पहले मोहाली के पीएनबी में लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था। वह जमानत पर बाहर था। वहीं दूसरी तरफ चंडीगढ़ पुलिस इस मामले का खुलासा करने से बच रही है। पुलिस का कहना है कि एक आरोपी को मोहाली पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जांच पूरी होने के बाद उसकी गिरफ्तारी दिखाई जाएगी।
सोमवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-61 स्थित पुलिस चौकी के पास कोऑपरेटिव बैंक में लाखों की लूट हुई है। सूचना पर एसपी केतन बंसल साउथ एसपी श्रुति अरोड़ा समेत क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची थी। जांच में सामने आया कि एक नकाबपोश युवक गन के साथ बैंक में घुसा।
इस दौरान बदमाश गन प्वाइंट पर कैशियर से करीब 8.65 लाख रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गया था। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए लेकिन आरोपी तब तक वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुका था। वहीं वारदात स्थल पर मौजूद एसपी केतन बंसल का कहना था कि आरोपी की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। हैरानी की बात थी कि बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे का बैकअप नहीं था, जिस कारण वारदात सीसीटीवी में कैद नहीं हो सकी थी।