पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में पंजाब पुलिस के हाथ लगातार चौथे दिन भी खाली रहे। हालांकि इस हत्याकांड की जांच के लिए गठित एसआईटी ने जेलों में बंद कुछ पुराने गैंगस्टरों से पूछताछ की है और पंजाब पुलिस ने 25 टीमों का गठन करके सूबे से सटे राज्यों में छापे भी मारे हैं।
सूत्रों के अनुसार एसआईटी ने जेलों में बंद गैंगस्टरों और उनके गुर्गों से पूछताछ शुरू की है। इस कड़ी में जेल में बंद लॉरेंस गैंग के करीबी गैंगस्टर मनप्रीत मन्ना को रिमांड पर लिया गया है, जिसकी कोरोला कार का इस्तेमाल मूसेवाला की हत्या में किया गया था। इसके अलावा, जेल में ही बंद गैंगस्टर सिराज मिंटू को भी रिमांड पर लिया गया है।
सिराज मिंटू गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया का करीबी रहा है और उम्मीद है कि उससे पूछताछ में कई नए खुलासे हो सकते हैं। इसके साथ ही जांच अधिकारियों ने तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर संपत नेहरा को भी पंजाब लाकर मूसेवाला हत्याकांड के बारे में पूछताछ की है। दरअसल संपत नेहरा गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी रहा है और उसके साथ मिलकर संपत ने कई बड़े अपराधों को अंजाम दिया है।
पंजाब पुलिस बिश्नोई गैंग के सदस्यों की धरपकड़ में भी जुट गई है। इस अभियान में फिलहाल कुछ छोटे स्तर के गुर्गे ही पुलिस के हाथ लगे हैं। उधर, संपत नेहरा से पूछताछ के बाद उसे फिर से तिहाड़ जेल पहुंचा दिया गया है। जांच अधिकारियों का दावा है कि संपत से हुई पूछताछ में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं और पुलिस जल्दी ही हत्यारों तक पहुंच जाएगी।
इससे पहले, पंजाब पुलिस ने मूसेवाला हत्याकांड में उत्तराखंड से छह लोगों को पकड़ा था, जिनमें से बाद में पांच लोगों को छोड़ दिया गया जबकि ढैपई गांव के मनप्रीत सिंह को हत्यारों को गाड़ियां, हथियार और अन्य सहयोग देने के आरोप में गिरफ्तार कर 5 दिन के रिमांड पर लिया गया है।
इसके अलावा पुलिस ने नकोदर से एक युवक को इस संदेह के आधार पर पकड़ा है कि उसने गैंगस्टरों को सिम कार्ड मुहैया कराए थे। इसी तरह बठिंडा के गांव भागीबांदर से भी एक युवक को पकड़ा गया है, जो जेल में बंद गैंगस्टर मनप्रीत मन्ना का करीबी है।