दो छात्रों को ट्रैक्टर ट्राली ने कुचला, मौत
- फोटो : Demo Pic
संगरूर के नजदीकी गांव मंगवाल के समीप पटियाला मुख्य मार्ग पर दो स्कूली छात्रों को ट्रैक्टर ट्राली ने रौंद दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।
डीएसपी (आर) गगनदीप सिंह भुल्लर ने बताया कि गांव बंगावाली का रहने वाला पंद्रह वर्षीय अर्शप्रीत सिंह स्थानीय जरनल गुरनाम सिंह पब्लिक स्कूल का छात्र था। उसका साथी पंद्रह वर्षीय सहजप्रीत सिंह निवासी महल मुबारक कालोनी संगरूर अपने स्कूटर व मोटरसाइकिल पर अलग-अलग जा रहे थे।
मुख्य मार्ग पर बराबर जाते समय आपस में टकराकर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने दोनों को कुचल दिया जिससे दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। थाना सदर पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।