मंगलवार रात कार ने बाइक को मारी टक्कर
- फोटो : अमर उजाला
रायपुररानी-बरवाला रोड पर स्थित गांव टिब्बी माजरा के नजदीक मंगलवार रात लगभग सवा नौ बजे एक मारुति जेन कार ने सामने से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पीछे बैठे 23 वर्षीय घर के इकलौते बेटे युवक की मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहे युवक की दोनों टांगें टूट गईं हैं। घायल को पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि कार चालक मौके से फरार है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार निजी बस में ड्राइवर गांव मौली निवासी रविंद्र कुमार व कंडक्टर गांव जासपुर निवासी राजेश शर्मा पुत्र रमेश कुमार नारायणगढ़ में बस खड़ी करने के बाद ड्यूटी खत्म कर रायपुररानी-बरवाला रोड पर जा रहे थे। टिब्बी माजरा के पास अचानक सामने से आ रही मारुति जेन कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
इसमें राजेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर एकत्रित ग्रामीणों ने रायपुररानी पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। रायपुररानी अस्पताल में डाक्टरों ने राजेश को मृत बता दिया और घायल रविंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद बुधवार को सुबह नौ बजे पंचकूला के सेक्टर-6 के सामान्य अस्पताल में रेफर कर दिया।