जालंधर फगवाड़ा जीटी रोड पर चहेड़ू पुल के पास एक ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत हो गई वहीं तीसरे घायल युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
तीनों युवक लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में बीटेक के छात्र थे। आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मृतकों की पहचान अभीरल वासी केरल, सोनू गुप्ता वासी आंध्र प्रदेश और नंद किशोर पुत्र बिंजा सुभाष वासी केरल के तौर पर हुई है। अभीरल और सोनू गुप्ता चहेड़ू लॉ गेट के पास पीजी में रहते थे और नंदकिशोर यूनिवर्सिटी हॉस्टल में रहता था।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को अभीरल, सोनू और नंदकिशोर बाइक (पीबी 08 सीजे/1182) पर जालंधर से चहेड़ू की तरफ आ रहे थे। जीटी रोड पर बेईं के पीछे पुल के पास एक ट्रक (पीबी05जे 9147) ने उनको अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में अभीरल और सोनू गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। नंद किशोर गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे जालंधर अस्पताल रेफर किया गया जहां उसने उपचार के दौरान वीरवार को दम तोड़ दिया। चहेड़ू पुलिस चौकी प्रभारी एस आई बलजिंदर सिंह ने बताया कि ट्रक चालक सुरजीत सिंह पुत्र कुलवंत सिंह को काबू कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।