आप उम्मीदवार समेत पांच जख्मी, एक की मौत
जगरांव से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार सर्बजीत कौर मानुके एक सड़क हादसे में जख्मी हो गईं। इस हादसे में आप उम्मीदवार के साथ पांच लोग जख्मी हो गए। एक ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा उस वक्त हुआ जब वह अपने समर्थकों के साथ गांव सिंधवा बेट में प्रचार के लिए जा रहीं थीं। धुंध की वजह से हुए इस हादसे में दो ट्रालियों की टक्कर हुई और सामने से आ रही आप उम्मीदवार की स्कार्पियो इन दोनों ट्रालियों से जा टकराई।
जख्मी हालत में बीबी मानुके, आप के सोशल मीडिया इंचार्ज सर्बजीत सिंह, ड्राइवर गुरदीप सिंह, वालंटियर मनजोत सिंह को निजी अस्पताल में इलाज के लिए दाखिल कराया गया। बीबी मानुके और ड्राइवर गुरदीप सिंह को मोगा के मेडिजोन अस्पताल में भेज दिया गया है। कुछ समय बाद बाकी जख्मियों को मोगा रेफर कर दिया गया।
ट्रालियों की टक्कर के दौरान टकराई स्कार्पियो
आप उम्मीदवार समेत पांच जख्मी, एक की मौत
- फोटो : अमर उजाला
आप नेता गोपी शर्मा के अनुसार सभी जख्मियों की हालत स्थिर है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जगरांव से आप उम्मीदवार मानुके चुनाव प्रचार के लिए गांव सिंधवा बेट में अपनी स्कार्पियो कार में जा रहे थे।
जगरांव सिंधवाबेट रोड पर गांव बोदलवाला के नजदीक घनी धुंध की वजह से सामने से आ रहीं ट्रैक्टर ट्रालियों में टक्कर हो गई। इस दौरान यहीं से क्रास कर रही बीबी मानुके की स्कार्पियो ट्रालियों के साथ जा टकराई। हादसे में ट्रैक्टर चालक गुरविंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। स्कार्पियो में सवार आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार और ड्राइवर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इस हादसे के दौरान पीछे बैठे तीन वालंटियर जख्मी हो गए।