पंजाब के अमृतसर में एक युवक ने अपने सगे मौसा का उस समय किरच से वार कर कत्ल कर दिया जब उसने आरोपी को नशा करने से रोका। मोहल्ला के लोगों ने आरोपी को काबू करके उसे एक वृक्ष के साथ बांध दिया। लोग जख्मी व्यक्ति को अस्पताल ले जाने में व्यस्त हो गए तो आरोपी खुद को पेड़ के बंधन से छुड़ाकर भाग गया।
नरिंदर सिंह की पत्नी ने बताया रविवार सुबह उनके घर का दरवाजा किसी ने खटखटाया। नरिंदर सिंह ने दरवाजा खोला तो उसके सामने गगड़भाना निवासी उसकी बहन का लड़का गुरबिंदर सिंह उर्फ गोपी खड़ा था। दरवाजा खोलते ही गोपी ने छुरी के साथ नरिंदर सिह पर 4-5 वार कर दिए और वह गंभीर रूप से जख्मी होकर जमीन पर गिर गया। मोहल्लावासियों ने यह देख आरोपी को काबू कर लिया और उसे एक पेड़ के साथ बांध दिया, जहां से आरोपी लोगों को चकमा देकर भाग निकला।
पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि इस दौरान वे भी बाहर निकले और उन्होंने तुरंत नरिंदर सिंह को निकटतम अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उसने दम तोड़ दिया। बताया गया है आरोपी गोपी नशे का आदी है और नरिंदर सिंह उसे नशा करने से रोकता था। इस बात को लेकर आरोपी उसके साथ रंजिश रखता है और रविवार सुबह घर आकर आरोपी ने किरच के साथ हमला कर नरिंदर सिंह की हत्या कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम करवाने संबंधी कार्रवाई शुरू कर दी। मौके पर पहुंचे बाबा बकाला के डीएसपी हरकृष्ण सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया और कहा कि मामले में जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीम दबिश दे रही है।