घायल मोनू उर्फ मिन्नी को उसके साथी संदीप और शरीफ बाइक पर ही नागरिक अस्पताल हिसार लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने मोनू को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया। शव का पोस्टमार्टम रविवार सुबह किया जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी नरेंद्र कादियान, बरवाला थाना प्रभारी प्रह्लाद सिंह, सीन ऑफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर पड़े दोनों खोल को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना को लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार मोनू के चाचा राजकुमार ने आरोप लगाया है कि सुनील उर्फ सीलू, उसके पिता राजेंद्र और एक अन्य ने मोनू की गोली मारकर हत्या की है।
यह थी रंजिश
सुलखनी गांव के शराब ठेके पर जून 2018 में बीयर की बोतलें लूटने और लड़ाई-झगड़े जैसी घटना हुई थी। इस मामले में सुनील उर्फ सीलू जेल चला गया था। बताया जा रहा है कि जमानत के बाद जब सुनील की पेशी थी तो धांसू में उसके ऊपर कुछ युवकों ने हमला कर दिया था। सूत्रों के मुताबिक सुनील ने उस वक्त कोई केस तो दर्ज नहीं करवाया था, लेकिन उसने मोनू उर्फ मिनी सांगा पर हमला कराने का आरोप लगाया था।
इसके चलते उसने मोनू को धमकी दी थी कि वह उसे मार देगा। सूत्रों के अनुसार सुनील उर्फ सीलू ने एक महीने पहले ही इस बात का जिक्र कर दिया था कि वह एक माह के दौरान मर्डर कर देगा और बड़ा अपराधी बनेगा।
फेसबुक पर थे दोनों अच्छे दोस्त
मिनी सांगा और सुनील उर्फ सीलू काफी अच्छे दोस्त थे। सुनील पढ़ाई में होशियार था और वह कबड्डी का भी खिलाड़ी रहा है। बताते हैं कि वह हिस्ट्रीशीटर शेखर धांसू के संपर्क में आने के बाद अपराध की दुनिया में चला गया। छोटी-मोटी वारदात करने के बाद वह और बड़ा अपराधी बनने का सपना संजोने लगा। सीलू अपने दोस्तों से जिक्र करता था कि वह बहुत बड़ा अपराधी बनेगा। वह अपराध की दुनिया में फेमस होना चाहता है। इसी के चलते वह काला बॉक्सर गैंग में शामिल हुआ बताया जा रहा है।
घटनास्थल का मुआयना कर दो खोल बरामद किए गए हैं। आसपास के लोगों से भी घटना को लेकर पूछताछ की है। मोनू उर्फ मिन्नी सांगा और सीलू की आपसी रंजिश चली आ रही थी, जिसके चलते उसने मिनी को गोली मारी है। उसके साथ में एक अन्य लड़का भी था, जिसके पास हथियार था।
उनका टारगेट एक युवक संदीप उर्फ माही और था, लेकिन जब मिन्नी सांगा वहां से भागा तो उन्होंने उसका पीछा कर पहले उसे गोली मार दी और फरार हो गए। मोनू के ताऊ के लड़के विकास की शिकायत मिली है, जिसमें सुनील व उसके पिता राजेंद्र व एक अन्य पर हत्या का आरोप लगाया गया है। -प्रह्लाद सिंह, थाना प्रभारी, बरवाला