हिसार में ट्रेन की चपेट में आने से शनिवार देर रात भाई-बहन की मौत हो गई। दोनों मृतक ममेरे भाई बहन थे। हादसे में एक आठ वर्षीय बच्ची घायल भी हुई है। तीनों शनिवार रात को बाइक पर बंद रेलवे फाटक पार कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। इस हादसे में महावीर कॉलोनी निवासी 15 वर्षीय शुभम, उसकी फुफेरी बहन 16 वर्षीय लीजा की मौत हो गई और 8 साल की गरिमा घायल हो गई।
रेलवे पुलिस ने केस दर्ज करके पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। मृतक बच्चों के परिवार के सदस्य कुलदीप ने बताया कि शुक्रवार रात को जयदेव नगर में शुभम के पिता संजय के किसी दोस्त के यहां शादी थी। इस शादी में परिवार के सभी लोग गए हुए थे। रात करीब 11 बजे वह अपने घर वापस आ रहे थे। तब शुभम बाइक चला रहा था और उसकी फुफेरी बहन लीजा व गरिमा उसके पीछे बैठी हुई थी।
रास्ते में बंद डबल फाटक को पार करते समय उनकी बाइक का पिछला हिस्सा राजगढ़ की ओर से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे तीनों बाइक से नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था, जहां पर देर रात लीजा ने दम तोड़ दिया। अल सुबह इलाज के दौरान शुभम की भी मौत हो गई। हादसे में घायल गरिमा का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। रेलवे पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।