सुखना पर मंगलवार शाम को 4:25 बजे सीढ़ी नंबर-7 के पास 24 वर्षीय एक युवती ने झील में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद सेक्टर-56 निवासी युवक अफजल ने युवती को पानी में छटपटाते देख पुलिस को सूचना दी। सुखना चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अफजल की मदद से युवती को कड़ी मशक्कत कर बाहर निकाला और उसे पीजीआई ले जाया गया। डॉक्टरी जांच में युवती को मृत पाया गया।
पुलिस ने बताया कि युवती ने सीढ़ी नंबर-7 के समीप पानी में छलांग लगाई। डीएसपी सेंट्रल कृष्ण कुमार ने बताया कि फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी आयु करीब 24 वर्ष और कद करीब पांच फुट दो इंच बताया गया। मृतका का रंग साफ और उसने काले रंग की सलेक्स व आधी बाजू का रंगीन टॉप पहना था।
पुलिस ने शव को पीजीआई की मॉर्चरी में रखवाकर उसकी पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। ट्राइसिटी पुलिस को वायरलेस के जरिए मैसेज फ्लैश किया गया, ताकि कहीं से युवती के संबंध में कोई सूचना मिल पाती। देर रात तक पुलिस को युवती के खुदकुशी के कारणों सहित उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।