पठानकोट के लमीनी में दो गुटों के झगड़े में एक युवक की मौत हो गई। मृतक के पिता बलविंदर जीआरपी में एएसआई हैं। मृतक की पहचान मनवाल निवासी 23 वर्षीय अनूप सिंह के तौर पर हुई है। जबकि, स्थानीय निवासी अजय और नीरज घायल हैं। हालांकि, कत्ल के आरोपियों की पहचान के लिए थाना 1 की पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
डीएसपी सिटी रजिंदर मन्हास ने भी मौके पर पहुंच साक्ष्य जुटाए और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। वारदात गुरुवार देर शाम हुई। स्थानीय निवासियों के मुताबिक गुरुवार देर शाम सात बजे के करीब प्राइमरी स्कूल लमीनी के पास दो गुटों में लड़ाई हुई, जिसमें जमकर पत्थरबाजी, ईंट और तेजधार हथियार चले। इसमें बुरी तरह घायल अनूप को अमनदीप अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
झगड़े में अजय और नीरज भी घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि मृतक अनूप पहले लमीनी एरिया में ही रहता था। गुरुवार को वह लोहड़ी पर्व के चलते दोस्तों से मिलने लमीनी आया था। उक्त दोनों गुटों में पुरानी रंजिश थी। दो वर्ष पहले उक्त दोनों गुटों में झगड़ा हुआ था।
उसके बाद गुरुवार दोपहर को ईंट भट्ठे के पास दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और बात हाथापाई तक पहुंच गई। इसी दौरान किसी ने अनूप की पीठ में दातर मारा और हमलावर फरार हो गए। इसके बाद दोनों पक्ष देर शाम फिर आमने-सामने हुए और तेजधार हथियारों से एक दूसरे पर हमला किया, जिसमें अनूप की मौत हुई। समाचार लिखे जाने तक पुलिस घायलों के बयान नहीं ले पाई थी।