संतान न होने के चलते एक विवाहिता को परेशान करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आहत होकर आत्महत्या कर ली है। मामला पंजाब के बटाला स्थित डेरा बाबा नानक के गांव बहलोलपुर का है। यहां, एक विवाहिता ने अपने पति समेत ससुरालियों से दुखी होकर जहर निगल कर जान दे दी। आरोप है कि मृतका का पति और ससुराली संतान न होने के कारण उसे तंग करते थे। डेरा बाबा नानक पुलिस ने महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में उसके पति, जेठानी और फूफा ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
मृतका के भाई रणजीत सिंह ने बताया कि उसकी बहन दलजीत कौर (40) निवासी गांव बहलोलपुर की शादी साढ़े तीन साल पहले गांव शाहपुर जाजन के जतिंदर सिंह के साथ हुई थी। रणजीत ने बताया कि जतिंदर सिंह की पहले भी एक शादी हो चुकी है, जिससे उसकी एक 14 वर्ष की बेटी भी है। पहली पत्नी की मौत हो जाने के बाद जतिंदर सिंह ने दलजीत कौर से शादी की थी। शादी के एक साल के बाद कोई संतान न होने के कारण जतिंदर सिंह उसे परेशान करने लगा।
जतिंदर की बहनें भी उसे ताने देती थी। इसके बाद जतिंदर उसकी बहन को मायके छोड़ गया। पंचायत बुलाकर दोनों में राजीनामा करवाया गया और दलजीत कौर को ससुराल भेजा गया। इसके बावजूद दलजीत कौर को ससुराल में ताने सुनने को मिलते रहे और उससे मारपीट होती रही। वह दलजीत कौर को मायके ले आए और दो-तीन महीने तक जतिंदर 4600 रुपये प्रति महीना दलजीत को पैसे भेजता रहा।
इसके बाद उसने पैसे भेजने भी बंद कर दिए। इसके बाद उन्हें पता चला कि जतिंदर सिंह ने दलजीत कौर से बिना तलाक लिए तीसरी शादी कर ली है। रणजीत सिंह ने बताया कि इस मामले के संबंध उनका कोर्ट में केस भी चल रहा है। रंजीत सिंह ने बताया कि इन सभी परिस्थितियों से तंग आकर उसकी बहन ने गत देर रात को कोई जहरीली चीज निगल ली। उन्होंने डेरा बाबा नानक के सीएचसी सेंटर में दाखिल करवाया, जहां डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर देख उसे सिविल अस्पताल बटाला मे रेफर कर दिया। अस्पताल जाते समय रास्ते में ही दलजीत कौर की मौत हो गई। थाना डेरा बाबा नानक की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर जायजा लिया।