बुधवार दोपहर करीब एक बजे साहिल अपने साथियों के साथ कैंटीन जा रहा था। इसी बीच हमलावर पक्ष के 12 से अधिक छात्र चाकू और पिस्तौल लेकर आ गए। उन्होंने साहिल और उसके साथी मोनू के साथ मारपीट की। इसी बीच साहिल पक्ष के छात्र भी आ गए, जिससे दोनों गुटों में संघर्ष हो गया। छात्रों ने साहिल के सीने में चाकू से छह से अधिक वार किए और कॉलेज के पिछले रास्ते से फरार हो गए। साहिल को तुरंत पीजीआई ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस और कॉलेज की सुरक्षा पर सवाल
कॉलेज के छात्रों का आरोप है कि जिस कैंटीन के सामने साहिल की हत्या की गई वहां से 200 मीटर की दूरी पर कॉलेज के गेट पर पुलिस की पीसीआर खड़ी थी, जबकि मात्र 100 मीटर की दूरी पर प्राचार्य का कार्यालय है। बताया जा रहा है कि जिस समय कॉलेज में छात्र गुटों के बीच संघर्ष चल रहा था, उसका सीसीटीवी से प्राचार्य के कमरे में लाइव प्रसारण चल रहा था। पुलिस सीसीटीवी की फुटेज से आरोपियों की पहचान कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
छात्र साहिल हत्याकांड में कुछ आरोपियों की पहचान हो गई है। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस की छह टीमों को लगाया गया है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। -जशनदीप सिंह रंधावा, एसपी रोहतक
छात्र गुटों के बीच पूर्व में झगड़ा होने की जानकारी नहीं है। सूचना मिलते ही पुलिस को जानकारी दी गई। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कराने की मांग की गई है। - पूनम मलिक, प्राचार्य, पंडित नेकीराम शर्मा कॉलेज