बस में जगह न मिलने पर खिड़की में लटके आईटीआई छात्र की ब्रेक मारने पर पिछले टायर के नीचे आने से मौत गई। चालक और परिचालक बस मौके पर छोड़कर भाग गए। सवारियां बस से नीचे उतर आईं और गुस्साए छात्रों ने पथराव कर बस के शीशे तोड़ दिए। करीब आधे घंटे तक सर्विस लेन पर जाम लगा रहा।
गांव रिंडल निवासी निखित आईटीआई में मेकैनिकल मोटर व्हीकल का डिप्लोमा कर रहा था। गुरुवार शाम 5:00 बजे आईटीआई चौक पर बस का इंतजार कर रहा था। लुधियाना से दिल्ली बस चौक पर आई अंबाला डिपो की बस में निखित अपने दोस्तों के साथ चढ़ने लगा। लेकिन जगह न मिलने पर अगली खिड़की में लटक गया।
आईटीआई चौक से 200 मीटर दूर सामने कार आने से चालक ने ब्रेक लगा दी। ब्रेक लगते ही झटका लगने से निखित गिर गया और बस के पिछले टायरों के नीचे आने से उसकी मौत हो गई।
हादसे से गुस्साए लोगों ने बस पर पथराव कर दिया। सड़क पर जाम लगाकर आधे घंटे तक शव नहीं उठाने दिया। डीएसपी बलजिंद्र सिंह ने मौके पर पहुंच छात्रों को समझाकर जाम खुलवाया और शव मेडिकल कॉलेज भिजवाया।