लॉकडाउन और कर्फ्यू के बीच जहां लोगों को घरों के अंदर रखने की सरकार की कोशिश जारी है। वहीं गांव निझ्झरा में एक बेटी का टूटता घर बसाने के लिए पहुंचे 65 साल के बुजुर्ग की दामाद ने भरी पंचायत में अपने साथी के साथ मिलकर हत्या कर दी। वारदात को गांव निझ्झरा में बुधवार को अंजाम दिया गया। पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार पर केस दर्जकर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
मृतक की पहचान गांव चक वैंडल निवासी निर्मल सिंह के रूप में हुई है। करतारपुर डीएसपी सुरिंदर धोगड़ी ने बताया कि गांव चक वैंडल की रहने वाली जसवंत कौर की 11 साल पहले तरनजीत सिंह के साथ शादी हुई थी। तरनजीत सिंह के दो महिलाओं के साथ संबंध स्थापित हो गए।
अक्सर वे फोन पर बात करता रहता था। इस बात को लेकर घर में कलह शुरू हो गई। दो दिन पहले काफी बवाल हुआ और बुधवार को बेटी जसवंत कौर के पिता निर्मल सिंह अपने साथ दो पंचायत सदस्यों को लेकर गांव निझ्झरा पहुंचे, ताकि दामाद को समझा सकें।
दामाद तरनजीत सिंह ने अपने दोस्त रघुबीर सिंह निवासी कुराली को बुला लिया। पंचायत के दौरान ही तरनजीत सिंह ने रघुबीर सिंह के साथ मिलकर ससुर निर्मल सिंह की छाती पर मुक्के मारे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी पर डीएसपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे लेकिन आरोपी रघुबीर सिंह, दामाद तरनजीत सिंह और उसकी भाभी फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी तरनजीत सिंह की प्रेमिका के घर पर भी दबिश दी। वह भी फरार हो चुकी थी। पुलिस ने चारों लोगों पर हत्या, साजिश रचने का मामला दर्जकर लिया है।