लड़की के पिता ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं, दो लड़की और एक लड़का। उसकी दूसरे नंबर की साढ़े 15 वर्षीय लड़की दसवीं कक्षा में पढ़ती थी। परिवार में ही रिश्ते में लड़की का चाचा लगने वाला युवक पिछले एक साल से उसका यौन शोषण करता आ रहा था। आरोपी लड़के ने उसकी बेटी को अपनी 20 वर्षीय बहन की सहायता से बुलाया था और उसके साथ दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो भी बना लिया था। इसी अश्लील वीडियो के सहारे उसकी बेटी को आरोपी ब्लैकमेल करने लगा और उसे बुलाकर जबरन दुष्कर्म करता रहा।
आरोपी युवक के फूफा ने भी नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद दोनों आरोपी उसकी बेटी को अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर सामूहिक दुष्कर्म करते रहे। इसी की जानकारी बेटी ने परिजनों को दी तो 13 जुलाई को मामले की शिकायत सदर पुलिस थाना में दी गई। सदर पुलिस ने इस संबंध में लड़की की शिकायत पर आरोपी युवक और उसके फूफा पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। इससे पहले भी कई बार इस मामले में पंचायतें हुई और लड़के की करतूत को रखा गया था।
गुरुवार अल सुबह करीब साढ़े तीन बजे आरोपी युवक और उसका चाचा घर आए है और आंगन में सो रही लड़की पर पेट्रोल और डीजल डालकर उसे बेरहमी से जिंदा जला दिया। लड़की के पिता ने बताया कि उसकी बेटी पढ़ाई में काफी होशियार थी। हाल ही में आए दसवीं कक्षा के परिणाम में उसने 80 फीसदी अंक पाए हैं लेकिन आरोपी ने उसकी बेटी से हैवानियत की और फिर उसे जिंदा जला दिया।
लड़की ने 13 जुलाई को दुष्कर्म, चोरी, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने, पॉक्सो एक्ट के तहत युवक पर केस दर्ज करवाया था। युवक के पिता ने इससे आहत होकर 13 जुलाई की शाम को जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया और एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों ने आरोप लगाया था कि मृतक के छोटे लड़के पर कुछ लोगों ने झूठा केस दर्ज करवाया और अब परेशान किया जा रहा था। पुलिस पांच के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया था।
थाने में 13 जुलाई को नाबालिग लड़की की तरफ से शिकायत आई थी, जिस पर आरोपी व उसके फूफा पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था। आरोपी के पिता ने सुसाइड किया था। जिसके बाद आरोपी के भाई की शिकायत पर लड़की के पिता व अन्य पर भी आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज हुआ था। देर रात साढ़े तीन बजे जैसे ही लड़की को जलाने की सूचना मिली तो मैं खुद जिला सामान्य अस्पताल पहुंचा और प्राथमिक उपचार दिला गंभीर हालत में लड़की को पीजीआई भिजवा दिया। उस समय हत्या का प्रयास का केस दर्ज किया था। लेकिन लड़की ने पीजीआई में दम तोड़ दिया। जिसके बाद दोनों आरोपी पर हत्या का केस दर्ज हुआ। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। - इंस्पेक्टर श्रीभगवान यादव, इंचार्ज सदर पुलिस थाना भिवानी।