शादी करवाने के बाद दक्षिणा मांगने पर वधू पक्ष के एक व्यक्ति ने पंडित से गाली गलौच की। उसने पिस्टल दिखाकर भागने की भी धमकी दे डाली। इससे घबराए पंडित ने 100 नंबर पर कॉल कर मदद मांगी।
हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले वधू पक्ष का आरोपी व्यक्ति मौके से फरार हो गया। पंडित अपनी दक्षिणा और युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एसएसपी के पास पहुंचे। मौली थाना प्रभारी ने मामले की जांच करने का भरोसा दिया है।
पंडित रमेश पांडे ने बताया कि 23 जून को वह अपने एक अन्य साथी के साथ सुंदर कालोनी मौली जागरां पार्ट 2 में एक युवती की शादी करवाने गए थे। शादी के बाद जब उन्होंने यजमान से दक्षिणा मांगी तो वधू पक्ष से आए एक व्यक्ति ने पिस्टल तान दी और वहां से भाग जाने के लिए कहने लगा।
इससे पहले कि पुलिस मौके पर पहुंचती वह व्यक्ति फरार हो गया था। बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति ने शराब पी रखी थी। रमेश पांडे ने बताया कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो एसएसपी से मिलने पहुंचे। एसएसपी के पीए ने फोन किया तो थाना प्रभारी ने मामले की जांच का भरोसा दिया है।