बटाला के थाना घुमाण के गांव मधरे में सोमवार देर रात पशु व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि किसी को भी पता नहीं चला कि गोली चलाने वाले कौन थे और वह किस वाहन पर आए और उनकी संख्या क्या था। सूचना मिलने पर मंगलवार सुबह गांव पहुंचे एसएसपी उपिंदरजीत सिंह घुम्मण और डीएसपी परविंदर कौर ने मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में मृतक की पत्नी हरजीत कौर ने बताया कि उसका पति सर्बजीत सिंह उर्फ सब्बा (44) मवेशियों का व्यापारी था और घर-घर दूध सप्लाई करता था। वह सोमवार की रात करीब साढ़े आठ बजे बाइक पर घर आया था। सर्बजीत सिंह ने गेट खोला तो पीछे से किसी ने उनको आवाज दी।
जैसे ही सर्बजीत ने पीछे मुड़कर देखा तो कुछ अज्ञात लोगों ने गोलियां चला दी। सर्बजीत सिंह की चीखे सुनकर पूरा परिवार बाहर आ गया। परिवार ने देखा कि सर्बजीत सिंह के एक गोली पेट में ,एक छाती में और एक जांघ में लगी थी। सर्बजीत सिंह को बटाला के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे अमृतसर रेफर कर दिया। वहां देर रात मौत हो गई। थाना घुमाण के एसएचओ हरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक सर्बजीत सिंह की पत्नी हरजीत कौर के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके मामले की छानबीन की जा रही है।
गांव काहलवीं के युवकों से हुई थी तकरार
बताया गया कि दो दिन पहले संग के मेले के अवसर पर गांव मधरे की संगत गांव काहलवीं लंगर लेकर गई थी। इस संगत में सर्बजीत सिंह भी था। वहां सर्बजीत की कुछ युवकों से तकरार हो गई थी। उन युवकों ने सर्बजीत को देख लेने की धमकी दी थी। इससे आशंका जताई जा रही है कि हो सकता है इस हत्या के तार उस तकरार के साथ जुडे़ हों।