पातड़ां के नजदीक गांव लाड बंजारा कलां में शुक्रवार को जमीनी विवाद में एक महिला ने अपने साथियों साथ मिलकर 33 साल के एक युवक को ट्रैक्टर तले कुचल दिया। गंभीर हालत में युवक को पातड़ां के सरकारी अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
संगरूर के थाना दिड़बा इंचार्ज सुखदीप सिंह ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी महिला सहित सात लोगों पर हत्या का केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया है। पातड़ां अस्पताल में मरने वाले युवक हरविंदर सिंह की मां कुलदीप कौर ने बताया कि उनका गांव हामझेड़ी की महिला परमजीत कौर से जमीन का केस चल रहा है।
इस केस में उनको अदालत ने स्टे दिया हुआ है। लेकिन शुक्रवार को वह महिला अपने साथियों भोला सिंह, कंवलप्रीत सिंह, कालू और उनके गांव समेत गांव ढुंडियाल के लोगों को लेकर उनकी जमीन पर कब्जा करने के लिए पहुंच गई। आरोपियों ने ट्रैक्टर से जमीन को जोतकर कब्जा करने का प्रयास किया तो उसके बेटे हरविंदर सिंह ने पुलिस को सूचित कर दिया।
जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने ट्रैक्टर लेकर भागने की कोशिश की। इस पर उसके लड़के हरविंदर सिंह ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की। लेकिन आरोपियों ने हरविंदर सिंह पर ट्रैक्टर ही चढ़ा दिया। जिसे अस्पताल ले जाते हुए रास्ते में ही मौत हो गई।