कुराली के कृष्णा मंडी के पास मकान की छत गिरने से एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि दूसरी लड़की और गली में जा रहा व्यक्ति घायल हो गया। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां दोनों की हालत गंभीर होने से उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। हादसे के बाद शहर की बिजली सप्लाई बंद हो गई।
कृष्णा मंडी के समीप यह हादसा मंगलवार देर शाम उस समय हुआ जब पंडित जगदीश चंद अपनी दोनों बेटियों के साथ दूध लेकर आ रहा था। जगदीश आगे चल रहा था और पीछे उसकी दोनों बेटियां अंकिता (11) और लवीशा (9) आ रही थीं। इसी दौरान उस गली में खाली पडे़ खस्ता हालत मकान की छत गिर गई। मलबे में गली से जा रही अंकिता और लवीशा दोनों दब गईं। उसके पिता जगदीश आगे निकल गए, जिनका बचाव हो गया।
गली से गुजर रहा एक अन्य व्यक्ति गुरमीत सिंह भी मलबे के नीचे आ गया। मकान गिरने से लोग वहां पर पहुंचे। मोहल्ला वासियों ने तुरंत मलबे को हटाना शुरू कर दिया और पहले एक बच्ची अंकिता को बाहर निकाल लिया और तुरंत सिविल अस्पताल ले गए। मौके पर सभी लोग मलबे को हटाने में जुटे रहे और दूसरी लड़की लवीशा को काफी मुश्किल के बाद बाहर निकाला गया।
राहगीर गुरमीत सिंह को भी बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। वहां डाक्टरों ने लवीशा को मृत घोषित कर दिया जबकि अंकिता और गुरमीत सिंह की हालत को देखते हुए उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि वे नगर काउंसिल को खस्ता हाल हुए मकानों को गिराने के लिए कई बार कह चुक हैं। लोगों ने इस मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। यह मामला मेरे ध्यान में आया है। मौके पर टीम भेजी जा रही है।
- गुरप्रीत कौर सपरा, डीसी मोहाली